Get it on Google Play
Download on the App Store

परिच्छेद 24

सुचेत सिंह को चाचा साहब के चंगुल से छूटने में अधिक परिश्रम नहीं करना पड़ा। कल प्रात: बंदी सहित सम्राट की सेना के कूच का दिन निर्धारित हुआ है, यात्रा की तैयारी के लिए सैनिक नियुक्त हुए हैं।

शाहशुजा कैदखाने में बहुत असंतुष्ट होकर मन-ही-मन कह रहा है, "ये लोग कैसे बेहूदे हैं! शिविर से मेरा हुक्का ही ला दें, इनके मन में यह भी नहीं आया।"

विजयगढ़ के पहाड़ की तलहटी में एक गहरा तालाब है। उसी तालाब के किनारे एक जगह वज्रपात से जले पीपल का एक तना है। रघुपति घनी रात में उसी तने के बराबर में डुबकी लगा कर अदृश्य हो गया।

गुप्त रूप से दुर्ग में प्रवेश करने के लिए जो सुरंग-मार्ग है, उसका प्रवेश-द्वार इसी तालाब में गहरे नीचे है। उसी मार्ग से तैर कर सुरंग के किनारे पहुँच कर नीचे से बल लगा कर ठेलने पर एक पत्थर उठ जाता है, उसे ऊपर से किसी भी तरह नहीं उठाया जा सकता। इसीलिए जो लोग दुर्ग के भीतर हैं, वे इस मार्ग से बाहर नहीं निकल सकते।

शुजा कैदखाने में पलंग पर सोया हुआ है। कमरे में पलंग के अलावा और कोई सज्जा नहीं है। एक दीपक जल रहा है। सहसा कमरे में छिद्र दिखाई दिया। धीरे-धीरे सिर निकाल कर पाताल से रघुपति ऊपर निकल आया। उसका सर्वांग भीगा हुआ है। भीगे कपड़ों से जल-धारा गिर रही है। रघुपति ने धीर से शुजा का स्पर्श किया।

शुजा चौंक कर कुछ देर आँखें मलते हुए बैठा रहा, उसके बाद आलस्य से भारी स्वर में बोला, "क्या हंगामा है! क्या ये लोग मुझे रात को भी सोने नहीं देंगे! तुम लोगों के बर्ताव पर मुझे अचरज हो रहा है।"

रघुपति ने धीमी आवाज में कहा, "शहजादे, उठने की आज्ञा दी जाए। मैं वही ब्राह्मण हूँ। मुझे याद करके देखिए। भविष्य में भी मुझे याद रखिएगा।"

अगले दिन सुबह सम्राट की सेना कूच के लिए तैयार हो गई। शुजा को नींद से जगाने के लिए राजा जयसिंह स्वयं बन्दीशाला में गए। देखा, शुजा पलंग से उठा नहीं है। निकट जाकर स्पर्श किया। देखा, शुजा नहीं है, उसके वस्त्र पड़े हैं। शुजा नहीं है। कमरे के फर्श के मध्य सुरंग का गड्ढा है, उसका पत्थर का ढकना खुला पड़ा है।

बंदी के भाग जाने की सूचना दुर्ग में फैल गई। तलाश के लिए चारों तरफ लोग दौड़ गए। राजा विक्रम सिंह का सिर झुक गया। बंदी कैसे भागा, इसके विचार के लिए सभा बैठी।

चाचा साहब का वह गर्वित प्रसन्नता का भाव कहाँ चला गया! वे पागल के समान 'ब्राह्मण कहाँ है' 'ब्राह्मण कहाँ है' कहते हुए रघुपति को खोजते घूमने लगे। ब्राह्मण कहीं नहीं मिला। चाचा साहब पगड़ी उतार कर सिर पर हाथ रखे कुछ देर बैठे रहे। सुचेत सिंह पास आकर बैठ गया; बोला, "चाचा साहब, कैसे अचम्भे की बात है! क्या यह सब भूत का किया-धरा है!"

चाचा साहब ने दुखी भाव से गर्दन हिला कर कहा, "नहीं, यह भूत का किया-धरा नहीं है सुचेत सिंह, यह एक नितांत निर्बोध वृद्ध का किया-धरा और एक विश्वासघातक शैतान का काम है।"

सुचेत सिंह ने आश्चर्य के साथ कहा, "अगर आप उन लोगों को जानते ही हैं, तो उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं करवा देते?"

चाचा साहब ने कहा, "उनमें से एक भाग गया है। और एक को गिरफ्तार करके राजसभा में लिए जा रहा हूँ।"

कह कर पगड़ी पहन ली और राजसभा का वेश धारण कर लिया।

उस समय सभा में प्रहरियों की गवाही ली जा रही थी। चाचा साहब ने सिर झुकाए सभा में प्रवेश किया। विक्रम सिंह के पैरों में नंगी तलवार रख कर बोले, "मुझे बंदी बनाने का आदेश दीजिए। मैं अपराधी हूँ।"

राजा ने विस्मित होकर कहा, "चाचा साहब, बात क्या है?"

चाचा साहब ने कहा, "वही ब्राह्मण। यह सब उसी बंगाली ब्राह्मण का काम है।"

राजा जयसिंह ने पूछा, "तुम कौन हो?"

चाचा साहब ने कहा, "मैं विजयगढ़ का वृद्ध चाचा साहब हूँ।"

जयसिंह - "तुमने क्या किया है?"

चाचा साहब - "मैंने विजयगढ़ का रहस्य बता कर विश्वासघातक का कार्य किया है। मैंने नितांत निर्बोध के समान विश्वास करके बंगाली ब्राह्मण को सुरंग-मार्ग की बात बताई थी…"

विक्रम सिंह ने अचानक क्रोधित होकर कहा, "खड्ग सिंह!"

चाचा साहब चौंक गए - वे लगभग भूल ही गए थे कि उनका नाम खड्ग सिंह है।

विक्रम सिंह ने कहा, "खड्ग सिंह, क्या तुम इतने दिन बाद फिर से बालक बन गए हो!"

चाचा साहब चुपचाप सिर झुकाए रहे।

विक्रम सिंह - "चाचा साहब, तुमने यह काम किया! आज तुम्हारे हाथों विजयगढ़ का अपमान हुआ है।"

चाचा साहब चुपचाप खड़े रहे, उनके हाथ थर-थर काँपने लगे। काँपते हाथों से माथा छू कर मन-ही-मन बोले, "भाग्य!"

विक्रम सिंह ने कहा, "मेरे दुर्ग से दिल्लीश्वर का शत्रु भाग गया है। जानते हो, तुमने मुझे दिल्लीश्वर के सामने अपराधी बना दिया है!"

चाचा साहब ने कहा, "अपराधी मैं अकेला ही हूँ। महाराज अपराधी हैं, दिल्लीश्वर इस बात पर विश्वास नहीं करेंगे।"

विक्रम सिंह ने खीझ कर कहा, "तुम कौन हो? तुम्हारे विषय में दिल्लीश्वर को क्या पता? तुम तो मेरे ही आदमी हो। यह तो, जैसे मैंने अपने हाथ से बंदी के बंधन खोल दिए हैं।"

चाचा साहब निरुत्तर हो रहे। वे अपनी आँखों के आँसू और नहीं रोक पाए।

विक्रम सिंह ने कहा, "तुम्हें क्या दण्ड दूँ?"

चाचा साहब - "जैसी महाराज की इच्छा।"

विक्रम सिंह - "तुम बूढ़े आदमी हो, तुम्हें और अधिक क्या दण्ड दूँ! तुम्हारे लिए निर्वासन का दण्ड ही काफी है।"

चाचा साहब ने विक्रम सिंह के पैर पकड़ लिए; बोले, "विजयगढ़ से निर्वासन! नहीं महाराज, मैं बूढ़ा हूँ, मुझे मति-भ्रम हो गया था। मुझे विजयगढ़ में ही मरने दीजिए। मृत्यु-दण्ड का आदेश कर दीजिए। इस वृद्धावस्था में मुझे सियार-श्वान की तरह विजयगढ़ से मत खदेड़िए।"

राजा जयसिंह ने कहा, "महाराज, मेरा अनुरोध है, इसका अपराध क्षमा कर दीजिए। मैं सम्राट को सारी स्थिति से अवगत करा दूँगा।"

चाचा साहब को क्षमा कर दिया गया। सभा से निकलते समय चाचा साहब काँपते हुए गिर पड़े। उस दिन से चाचा साहब अधिक दिखाई नहीं पड़ते। वे घर से बाहर नहीं निकलते। मानो उनकी रीढ़ टूट गई हो।